Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Mar 2026, 02:59 pm
अलीगढ़ में होली के चंदे को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि भाजपा नेता ने पड़ोसी के सीने पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि भाजपा नेता के नाबालिग बेटे ने पहले तीन राउंड फायरिंग की और बाद में खुद नेता ने भी पड़ोसी को गोली मारने की धमकी दी। घटना बन्नादेवी थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भाजपा नेता हेमंत गर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। वहीं उनका नाबालिग बेटा थाने के बाहर से ही फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत होली के चंदे के 500 रुपये को लेकर हुई थी। पड़ोसी विशाल शर्मा के भांजे और भाजपा नेता के बेटे के बीच इस बात को लेकर पहले मोबाइल पर गाली-गलौज हुई, जिसके बाद मामला बढ़ गया और दोनों परिवार आमने-सामने आ गए।
नाबालिग बेटे पर तीन राउंड फायरिंग का आरोप
पड़ोसी विशाल शर्मा के मुताबिक, जब उन्हें भांजे के साथ हुए विवाद की जानकारी मिली तो वह गुरुवार को भाजपा नेता हेमंत गर्ग के घर पहुंचे। उस समय हेमंत गर्ग घर पर नहीं थे और उनका नाबालिग बेटा मौजूद था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान नाबालिग बेटा घर के अंदर से पिस्टल निकाल लाया और तीन राउंड फायरिंग कर दी। विशाल शर्मा का कहना है कि एक गोली उनके कान के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान भाजपा नेता की पत्नी ने फोन करके हेमंत गर्ग को दुकान से घर बुला लिया।
पड़ोसी का आरोप- नेता ने भी दी जान से मारने की धमकी
विशाल शर्मा का आरोप है कि जब हेमंत गर्ग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने बेटे को समझाने के बजाय उसका पक्ष लिया। आरोप के मुताबिक उन्होंने बेटे के हाथ से पिस्टल लेकर विशाल के सीने पर तान दी और गोली मारने की धमकी दी। वहीं भाजपा नेता की पत्नी मोनिका का कहना है कि उनके बेटे को पहले विशाल शर्मा के भांजे ने फोन पर धमकी दी थी। गुरुवार को जब बेटा घर लौट रहा था तो विशाल शर्मा ने उस पर डंडे से हमला किया और बीच-बचाव करने आईं मोनिका के साथ भी अभद्रता की। इसके बाद उन्होंने अपने पति को फोन करके बुलाया।
पुलिस ने नेता को जेल भेजा, बेटे की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर बन्नादेवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, विशाल शर्मा की शिकायत पर भाजपा नेता हेमंत गर्ग और उनके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि हेमंत गर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उनका नाबालिग बेटा थाने के बाहर से ही फरार हो गया। पुलिस लाइसेंसी हथियार की बरामदगी और आरोपी बेटे की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें- देश में 7 राज्यों के राज्यपाल बदले, दिल्ली-लद्दाख के LG बदले, बंगाल के राज्यपाल ने दिया इस्तीफा, ममता बनर्जी ने केंद्र कै फैसले पर उठाए सवाल