Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Jan 2026, 04:45 pm
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के ही चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत मंत्री से उलझ बैठे। विधायक समेत उनके समर्थक भड़क उठे और बहसबाजी करने लगे। इस दौरान काफी देर तक उनके बीच नोकझोक होती रही और किसी तरह पुलिस अधिकारियों ने मामले को संभाला। बताया जा रहा है कि गांवों में पानी की भारी किल्लत और जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली को लेकर विधायक ने मंत्री के सामने विरोध दर्ज कराया। इस दौरान देखते ही देखते मामला तीखी बहस और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक को साथ लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर हालात को संभालने की कोशिश की गई।
पानी की किल्लत और टूटी सड़कों को लेकर फूटा गुस्सा
चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत का आरोप है कि उनके क्षेत्र के कई गांवों में महीनों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। विधायक का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने पहले भी कई बार अधिकारियों और विभागीय जिम्मेदारों को अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मंत्री के दौरे को उन्होंने जनता की पीड़ा सामने रखने का अवसर माना और उसी दौरान विरोध दर्ज कराया।
काफिला रोका, समर्थकों और पुलिस में झड़प
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को महोबा पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रामश्री महाविद्यालय के पास बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत, करीब 100 ग्राम प्रधानों और समर्थकों ने रोक लिया। जल जीवन मिशन की कार्यशैली और ग्रामीण समस्याओं को लेकर नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान विधायक समर्थकों और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के बीच कहासुनी और झड़प भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर तनाव का माहौल बना रहा।
डीएम कार्यालय में बैठक, समाधान का भरोसा
विवाद बढ़ता देख जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह स्वयं विधायक ब्रजभूषण राजपूत को साथ लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां जिले के ग्राम प्रधानों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में पानी की आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत और जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा हुई। विधायक ने बैठक में दो टूक कहा कि जब तक गांवों में पानी नहीं पहुंचेगा और सड़कों की हालत नहीं सुधरेगी, तब तक जनता का आक्रोश बढ़ता रहेगा। वहीं मंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश देने की बात कही। इस पूरे घटनाक्रम ने जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है।