Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 08 May 2026, 05:19 pm
तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के सरकार बनाने की संभावना मजबूत होती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के बाद अब विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK), CPI और CPI(M) भी TVK को समर्थन देने के लिए तैयार हो गए हैं। इन दलों के समर्थन के बाद विजय बहुमत के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गए हैं। इसी बीच विजय लगातार तीसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मिलने का समय मांग चुके हैं। इससे पहले 6 और 7 मई को भी उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात की थी, लेकिन पर्याप्त समर्थन पत्र नहीं होने की वजह से उन्हें सरकार गठन का न्योता नहीं मिला था। अब नई राजनीतिक हलचल के बाद तमिलनाडु में TVK सरकार बनने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं।
बहुमत के लिए जुटे सहयोगी दल
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। विजय खुद दो सीटों से जीते हैं और उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। ऐसे में पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह जाएगी। सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। कांग्रेस के 5 विधायक पहले ही TVK को समर्थन दे चुके हैं। वहीं CPI, CPI(M) और VCK के दो-दो विधायक भी समर्थन के लिए तैयार बताए जा रहे हैं। इससे TVK के पास बहुमत का आंकड़ा पूरा हो सकता है। सूत्रों का दावा है कि विजय की संभावित कैबिनेट में सहयोगी दलों को भी जगह दी जाएगी। VCK को एक मंत्री पद और CPI व CPI(M) को कुल दो मंत्रालय दिए जा सकते हैं। CPI महासचिव डी. राजा ने भी सार्वजनिक रूप से TVK को समर्थन देने की बात कही है।
राज्यपाल के खिलाफ विरोध और राजनीतिक घमासान तेज
सरकार गठन में हो रही देरी को लेकर तमिलनाडु में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह TVK समर्थकों ने राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। पुलिस ने कई समर्थकों को हिरासत में लिया। वहीं कांग्रेस ने भी पूरे राज्य में राज्यपाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद TVK को सरकार बनाने का मौका नहीं दिया जा रहा है। दूसरी तरफ DMK और AIADMK के संभावित गठबंधन की अटकलें भी तेज हैं। हालांकि TVK ने साफ कहा है कि अगर दोनों पार्टियां मिलकर सरकार बनाने की कोशिश करती हैं तो उनके विधायक इस्तीफा देने तक को तैयार हैं। तमिलनाडु में जारी इस राजनीतिक संकट पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, गृह मंत्रालय रखेंगे अपने पास, बनेंगे 2 डिप्टी सीएम, शाम 5 बजे होगा एलान